सूर्योदय भास्कर ब्यूरो/फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृत संस्थान द्वारा वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष में संस्कृत भाषा को संवर्धन एवं संरक्षण देने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन गंगेश्वर संस्कृत विद्यालय शिकोहाबाद में किया गया। जिसमें जनपद के सभी संस्कृत पढ़ने वाले छात्रों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करके अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर चयनित प्रथम तीन प्रतियोगी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभा करेंगे।
जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के अवसर पर संस्कृत गीत, संस्कृत वाचन एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल में संस्कृत के विद्वान आचार्य पंडित रामेश्वर प्रसाद शास्त्री, राजीव तिवारी, श्याम दीक्षित सर्वानंद चतुर्वेदी, कुलदीप उपाध्याय, योगेश उपाध्याय थे।जनपद के संस्कृत भाषा के छात्रो ने सबसे पहले गीत प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। जिसमें प्रथम तीन सुंदर संस्कृत गीत प्रस्तुत करने वाले छात्रों में आयुष ने प्रथम, शिवम पुरी ने द्वितीय एवं विकास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह संस्कृत वाचन में अमन प्रथम, देवांश तिवारी द्वितीय एवं मान्या तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सत्यम दुबे एवं देवेश प्रथम,सुंदर व रचित द्वितीय तथा स्वास्ति गोयल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर मोहनलाल अग्रवाल ने की एवं मुख्य अतिथि के रूप में श्री ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष विपिन गर्ग एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोफेसर रविंद्र कुमार तैनगुरिया मंचासीन थे। इस प्रतियोगिता का सफल संचालन पीआरटी सरस्वती विद्या मंदिर के वरिष्ठ आचार्य उत्तम सिंह राठौड़ ने किया। इस कार्यक्रम के आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक तिवारी एवं संयोजक अभिषेक तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया। निर्णायक मंडल ने सभी चयनित छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किये।