सूर्योदय भास्कर संवाददाता/आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र के न्यू दक्षिणी बाईपास के पास मलपुरा क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी अपराधी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जाता है वह सात साल से जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहा था। उस पर 6 मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार अनुसूचित जाति के युवक पर जानलेवा हमले के आरोपित को पुलिस सात साल में नहीं पकड़ पाई थी। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। रविवार देर रात मलपुरा क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ में इनामी बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित से पुलिस बाइक और तमंचा बरामद किया गया है।मलपुरा के बाद गांव में रहने वाले रामप्रकाश नौ सितंबर 2016 को अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी गांव में रहने वाले सुरजीत सिंह ने उनको गोली मार दी।
इस मामले में जानलेवा हमला और एससी-एसटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत हुआ था। मगर, सात साल में पुलिस सुरजीत को गिरफ्तार नहीं कर सकी। रविवार रात 11 बजे सुरजीत बाइक से रोहता नहर से होकर जा रहा था।मलपुरा थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने जखौदा गांव के पास उसकी घेराबंदी कर ली। आरोपित ने बाइक रोककर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद सुरजीत को हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया।
एसीपी खेरागढ़ महेश कुमार ने बताया कि देर शाम पुलिस व सर्विलांस टीम से सूचना मिली थी कि सुरजीत रोहता नहर होते हुए मलपुरा की ओर जा रहा है। चेकिंग के दौरान मलपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने एक बाइक सवार को संदिग्ध प्रतीत होने पर रोकने की कोशिश की। इस पर उसने तमंचे से फायर किया। जवाबी कार्रवाई में सुरजीत के पैर में गोली लग गई।