सबसे दमदार बाइक की आगरा रॉयल्स पर शानदार लॉन्चिंग
सूर्योदय भास्कर ब्यूरो/आगरा। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राॅयल एनफील्ड ने बुलेट 350 को अपडेट करके लांच कर दिया है। आगरा में पहली बार यह बाइक सिकंदरा स्थित आगरा राॅयल्स पर लांच हुई। एमडी आगरा राॅयल्स मनोज जादौन ने बताया कि ये बाइक पहले से अधिक एडवांस और फीचर लोडेड हो गई है। शुरूआती से लेकर टाॅप माॅडल तक यह अलग-अलग कीमतों में शोरूम पर उपलब्ध है। नई बाइक में पांच कलर ऑप्शन दिए गए हैं। इस बाइक को कंपनी ने नए जे प्लेटफाॅर्म पर डेवलप किया है। इसके अलावा इसमें 349 सीसी की क्षमता का सिंगल सिलेंडर, लांग स्ट्रोक इंजन का इस्तेमाल किया है।
इस इंजन को 5 स्पीड गियरबाॅक्स से लैस किया गया है। राॅयल एनफील्ड की नई बुलेट 350 में हेडलाइट और टेललाइट का नया सेट दिया गया है। इससे पूर्व मुख्य अतिथि एडीएम नीरज शर्मा ने आवरण हटाकर बाइक को लांच किया। उनके साथ इंस्पेक्टर सिकंदरा आनंद साही भी मौजूद रहे। एरिया सेल्स मैनेजर अमित गोयल ने बताया कि कंपनी ने इस बाइक को पहले की तरह ही रेट्रो लुक दिया है।
इसमें एलसीडी स्क्रीन के साथ एक नया डिजिटल एनालाॅग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है जो कि मौजूदा क्लस्टर से अधिक जानकारी प्रदान करता है। स्विचगियर में भी बदलाव किया गया है। इसमें एक यूएसबी पोर्ट भी मिलता है। लांचिंग के वक्त आगरा एनफील्डर्स राइडर ग्रुप के सभी सदस्य भी मौजूद रहे।