सूर्योदय भास्कर संवाददाता/आगरा। थाना शाहगंज इलाके की पुलिस चौकी पृथ्वीनाथ फाटक के नजदीक एक विवाहिता पिछले तीन दिन से अपने ससुराल के गेट पर बैठी हुई है। पीड़िता जसोदा का आरोप है कि उसके ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं और उससे दहेज़ की मांग करते हैं। उसके साथ लगातार ससुराल में देवर द्वारा छेड़खानी भी की जा रही थी।जसोदा का आरोप है कि उसके पति ने अपनी ही चचेरी बहन से शादी कर ली है और अब उसके ससुराल वालों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया है। पिछले तीन दिन से जसोदा अपनी ससुराल की चौखट पर बैठी हुई है। पीड़िता जसोदा ने पूरे मामले की जानकारी अपनी बहन को दी तो उसकी बहन भी जसोदा के साथ उसकी ससुराल के बाहर बैठ गईं। ये दोनों महिलाएं अब घर के दरवाजे खुलने का इंतजार कर रही हैं। वहीं जसोदा की बहन का कहना है कि बहन के ससुर रिटायर्ड दरोगा हैं और उनका पुत्र शादी के बाद से ही उनकी बहन को परेशान कर रहा है। घर वालों ने काफी रुपया खर्च कर शादी की थी लेकिन शादी के बाद से ही उनकी बहन को परेशान किया जा रहा है। वहीं पीड़िता जसोदा की शिकायत पर ससुराल वालों के खिलाफ थाना शाहगंज पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब देखना होगा कि ससुराल की चौखट पर धरना दे रही बहु को कब तक न्याय मिल पाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here