सांसद, जिलाधिकारी, एसपी ने सातनपुर मंडी में किया योग, विभिन्न संस्थाओं में भी किया गया योग दिवस का आयोजन |
यूथ इण्डिया संवाददाता,फर्रुखाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चारों ओर योग दिवस की धूम दिखाई दी। बरसात के कारण पहले स्थान में तब्दीली करके सांतनपुर मण्डी में योग शिविर लगाया गया। जिसमें सांसद, जिलाधिकारी, एसपी व अन्य अधिकारियों ने योगाभ्यास किया और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस शिविर में एआरटीओ, एडीएम, डीडीओ व अधिकारीगण योगाभ्यास में शामिल हुए।


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बैनर तले राजकीय संप्रेक्षण गृह में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया व ओम ध्वनि उच्चारण के साथ योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर पर प्रणायम करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। शिविर में योग गुरु ने विभिन्न तरह के आसन कराए व चर्चा की। कार्यक्रम सचिव नरेन्द्र प्रकाश ने योग से होने वाले लाभों को विस्तार से बताया। इस अवसर न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, कारागार स्टाफ, किशोर अपचारी, काराबंदी मौजूद रहे।


स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया गया और योग सप्ताह का समापन हुआ। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर डॉ० सचिन दुबे ने कहा कि योग करने से रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और शारीरिक व मानसिक दोनों तरह का विकास होता है। इस मौके पर प्राचार्य संजय राजपूत, समस्त स्टाफ, अनुराग दुबे आदि मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद युवा महोत्सव समिति की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित कालीचरन राष्ट्रीय योगासन दिवस मनाया गया। जिसमें मिस्टर फर्रुखाबाद हर्ष दुबे ने योग पर प्रकाश डाला। भारत विकास विवेकानंद शाखा की ओर से परिषद् मधुरमिलन गेस्ट हॉउस एवं बस अड्डे के प्रांगण में योग शिविरों का आयोजन किया गया। प्रांतीय वित्त सचिव आलोक रायजादा व अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करके कराया। इस मौके पर ब्रजेश गंगवार, मुन्ना लाल यादव, केएस कुशवाहा, स्वदेश दुबे, सौरभ गुप्ता, पंकज, नरेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।


उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आरसी यादव के सहयोग से योग शिविर लगाया गया। जिसमें बलवीर सिंह, शिव प्रकाश, योगेन्द्र प्रकाश, कमला देवी को स्वदेश दुबे ने योगाभ्यास कराया। आलोक रायजादा ने कहा कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का विज्ञान ही योग है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी को धन्यवाद दिया। कृषि विज्ञान केन्द्र पर योग दिवस पर योगाभ्यास कराया गया। जिसमें कृषि विज्ञान डॉ० अरविंद कुमार ने अध्यक्षता की और कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग आश्यक है। सैकड़ों किसानों ने शिविर में भागीदारी की। डॉ० अभिमन्यु सिंह, संजय, डॉ० महेन्द्र, ओमकार, सालिगराम आदि मौजूद रहे।
योग दिवस पर मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया और घर- घर हर घर आँगन योग की थीम पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्या डॉ० शालिनी ने कहा कि योग हमे शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है और स्मरण शक्ति में वृद्धि करता है । इस अवसर पर योगाचार्या जगदीश प्रसाद वर्मा ने छात्र-छात्राओं को योग के लाभ बताये। अजय कटियार, रामसनेही कटियार, अनिल यादव, राहुल वर्मा, अरुण मिश्रा, अनुज गुप्ता, विशाल, सूर्यकांत, शिखाश्रेष्ठा, अंशी, आरूषी यादव सहित तमाम बच्चों ने भागीदारी की।



