सपा-बसपा पर जमकर बरसे डिप्टी सीएम |
बोले- अब दलाली लेने वाली सरकार नहीं |
योगी सरकार की गिनाईं उपलब्धियाँ |
यूथ इण्डिया संवाददाता। फर्रुखाबाद की सातनपुर मण्डी में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के निशाने पर सपा-बसपा की सरकारें रहीं। उन्होंने कहा अब कमीशनखोर सरकारों के दिन चले गये। उपमुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2024 में भी लोकसभा चुनाव जिताकर एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी की ताकत को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि 2024 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाए बिना मोहि कहां विश्राम।


केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी सरकार के सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को एशिया की सबसे बड़ी सातनपुर मण्डी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आतिथ्य में जनसभा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस की सरकार कमीशन और दलाली लेने वालों की सरकार थी। प्रधानमंत्री को गरीबों, नौजवानों व किसानों का मसीहा बताया। कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 वर्ष पूर्ण होने पर जनता जनार्दन का हृदय से स्वागत करता हूं। जिसने गरीबी नहीं देखी उसे आज प्रधानमंत्री आवास मिला है। शौचालय का, गैस का कनेक्शन, हर घर नल से जल पहुंचाने का कार्य किया गया। आयुष्मान कार्ड मिला। साढ़े तीन साल से राशन भी मिल रहा है।


डिप्टी सीएम ने कहा कि बड़े बड़े गुंडे और अपराधी जो जमीन पर, मकानों पर कब्जा करते थे, खनन माफिया, नकल माफिया, शराब के माफिया आज उनकी क्या दशा है आपसे छुपी नहीं। भाजपा है इसलिए सुशासन है। भाजपा है इसलिए विकास है। भाजपा है इसलिए गुंडों पर नकेल है। भाजपा है इसलिए खुशहाली है। भाजपा है इसलिए आपको जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। किसान सम्मान निधि के 6000 रुपए सीधे खाते में पहुंचते हैं। आप बताओ इसमें कोई कमीशन तो नहीं लेता है। जब सपा, बसपा व कांग्रेस की सरकार थी कमीशन और दलाली लेने वालों की सरकार थी। आपको 100 रुपये भेजा जाता था तो 85 रूपये उनके दलाल खाते थे। 220 करोड़ लोगों को कोरोना की वैक्सीन
लगाने का काम किया। 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन देने का काम किया। सपा बसपा की बैसाखी पर अगर कांग्रेस की सरकार होती तो आज तक भी वैक्सीन नहीं आती। यही नहीं दुनिया के 95 देशों मे वैक्सीन देकर विश्व में मानवता का परचम लहराने का काम किया। यह जनता के आशीर्वाद का प्रताप है। यदि मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते तो गरीबों के
जीवन का अंधेरा नहीं मिटता। चार करोड़ गरीबों को पक्का आवास नहीं मिलता। यह जो परिवर्तन है आप सबके प्रताप से हैं। 2024 में लोकसभा चुनाव में विरोधी दल सब एक हो जाएगे। 2019 में भी हो गए थे। 2024 में फिर एक हो जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकना चाहते हैं। आप बताएं रोक सकते हैं क्या।


केशव प्रसाद मौर्य ने कहा हमारी सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाई, अयोध्या में राम मंदिर भी बन रहा है। सपा बसपा और कांग्रेस वाले 2014 के पहले किसी मंदिर में नहीं जाते थे। राम भक्तों पर गोली चलाने का काम सपा ने किया। नीतीश कुमार पटना में सब को बुला रहे हैं। उनका बिहार में खाता नहीं खुलने वाला है। मोदी जी कभी गलत काम नहीं करते जो भी कार्य करते हैं देश के लिए करते हैं। जब 2014 के पहले देश पर हमला होता था तो प्रधानमंत्री पहले हमले पर निंदा करता था, दूसरी बार हमले पर कहते थे बड़ी निंदा करता हूं और तीसरी बार कहते थे कड़ी निंदा करता हूं। डिप्टी सीएम ने गंगा एक्सप्रेस वे- से लिंक रोड दिए जाने की बात भी कही। इस अवसर पर स्थानीय सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष एवं अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

