■ कानपुर में 44.1 डिग्री तो लखनऊ में 43 डिग्री रहा तापमान
■ तप रहा है दिल्ली और एनसीआर
■ चार से पांच दिनों में गर्मी के साथ लू के भी चलने के आसार

लखनऊ। दिल्ली-लखनऊ समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के चलते आम लोगों का जन-जीवन तक प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के सूत्रों की मानें तो अगले चार से पांच दिनों में गर्मी के साथ लू के भी चलने के आसार है। अधिकतम तापमान में कमी या अधिकता आने की संभावना कम है।
लोगों को गर्मी के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को झांसी में 45 डिग्री, कानपुर में 44.1 डिग्री, लखनऊ में 43 डिग्री, प्रयागराज में 45.1 डिग्री, आगरा और बांदा में 43.8 डिग्री, हमीरपुर में 43.2 डिग्री, फतेहपुर में 43.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

लोगों को सलाह दी गयी है कि बहुत आवश्यक काम होने पर ही 11 बजे से चार बजे तक घर से निकलें। यह भी सलाह दी गयी है कि लगातार पानी पीते रहें। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को भीषण गर्मी जारी रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में देश भर के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव आने के आसार नहीं हैं। अगले पांच दिनों तक गुजरात के तापमान में पांच से छह डिग्री और राजस्थान में 16 और 17 जून को दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।
ओडिशा, पश्चिमी गंगा घाटों, बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश में अगले पांच दिनों तक लू चलने के आसार हैं। दक्षिण उत्तर प्रदेश और विदर्भ में अगले तीन दिनों तक और मध्य प्रदेश व तेलंगाना में अगले दो दिनों तक लू भरा मौसम रहेगा।

अरब सागर में तूफान विपरजॉय का दृश्य

इसी बीच चक्रवाती तूफान विपरजॉय अरब सागर में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। 15 जून की शाम को गुजरात और पाकिस्तान के कराची शहर के बीच में तट से टकरायेगा। इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर तक तेज हवाएं चलने के आसार हैं। चक्रवाती तूफान के चलते सौराष्ट्र और कच्छ के देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, जूनागढ़ और राजकोट जिला में भारी वर्षा हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here