कूड़ा हटा 2000 स्क्वायर मीटर में बन रहा, पुराने कोच में रेस्टोरेंट, रॉयल लुक |
यूथ इंडिया। आगरा में पर्यटकों और आवासियों के लिए एक नया रेल कोच रेस्टोरेंट जल्द ही शुरू होने जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे का आगरा रेल मंडल उत्तर प्रदेश का पहला रेलवे हेरिटेज पार्क विकसित कर रहा है। आगरा कैंट स्टेशन के पास रेलवे हेरिटेज पार्क का निर्माण प्रगति पर है। यहां लोग खाना खाने के साथ-साथ रेलवे के इतिहास के बारे में भी जान सकेंगे। इसकी शुरुआत जुलाई तक होने की उम्मीद है।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के पास प्रतापपुरा चौराहे के निकट श्रीराम चौक पर रेलवे की खाली जमीन उपलब्ध है। पहले वहां कूड़े का ढेर था, लेकिन अब रेलवे स्टेशन के दिशा में जाने वाले लोगों को एक कोच दिखाई देता है। इस कोच पर राजस्थानी शैली में चित्रकारी हुई है। ट्रेन कोच को देखकर लोग रुक जाते हैं। रेलवे द्वारा दो हजार वर्गमीटर में रेलवे हेरिटेज पार्क बनाया जा रहा है। रेल हेरिटेज पार्क का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिसमें रेल पटरी लगाकर एक कोच को खड़ा किया गया है जो कोच रेस्टोरेंट में तब्दील किया जा रहा है। कोच को रेस्टोरेंट में बदलने का काम अंतिम चरण में है।
कोच के डिजाइन करने वाले चेतन अग्रवाल ने बताया कि ट्रेन कोच को हेरिटेज और महाराजा ट्रेन की तरह दिखाया जा रहा है। इसमें एंटिक लाइट लगाई जाएगी और हेरिटेज और मरोक्कन शैली की सजावट को किया जाएगा। आगरा किले को देखते हुए कोच रेस्टोरेंट के प्लेटफॉर्म के लिए रेड स्टोन से बनाया जा रहा है।

