यूथ इंडिया, एजेंसी। हालांकि नौतपा ठंडा बीता, पर आगामी तीन दिनों में गर्मी का ताप बढ़ेगा। मौसम विभाग ने इन तीन दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। हालांकि, रविवार से बादल और बारिश की संभावना है जो राहत देगी। पश्चिमी विक्षोभ की निष्क्रियता से मौसम शुष्क हो गया है और तापमान में वृद्धि हुई है।
बुधवार को पारा चढ़ने की संकेत मिले। दिन का तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और न्यूनतम तापमान में भी लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया है कि प्रदेश में लू की चेतावनी जारी है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। जहां लू नहीं होगी, वहां भी तापमान बहुत अधिक हो सकता है। हालांकि, 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की संभावना है, जिससे मौसम में राहत मिलेगी।
विशेषज्ञ एचआर रंजन ने बताया है कि अरब सागर में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यदि यह उत्तर की ओर बढ़ेगा तो ठंडी हवाएं चलेंगी। हालांकि, लखनऊ को इसका लाभ नहीं मिलेगा। फिर भी, 11 जून को लखनऊ में बादल छाएंगे और बरसात शुरू होगी।