वकील की ड्रेस में आए थे हमलावर, एक बच्ची समेत अन्य घायल
सीएम योगी ने जांच के लिए गठित की एसआईटी
हमलावरों पर की जाएगी सख्त कार्यवाही: डिप्टी सीएम

यूथ इंडिया, लखनऊ/फर्रुखाबाद। लखनऊ कोर्ट में बुधवार दोपहर माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के खासमखास और फर्रुखाबाद के पूर्व मंत्री व कद्दावर भाजपा नेता स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के आरोपी संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना में दो सिपाही और 18 महीने की एक बच्ची भी घायल है। यह घटना एससी-एसटी कोर्ट में अंजाम दी गयी है।

वकील की ड्रेस में आये बदमाशों ने कोर्ट परिसर में पेशी पर आये संजीव महेश्वरी पर कई राउंड फायरिंग की। भारी सुरक्षा के बीच इस घटना से हड़कंप मच गया। वकील की ड्रेस में आये एक हमलावर को पकड़ लिया गया है। जीवा की हत्या के बाद मौके से भाग रहे हमलावर को वकीलों ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को किसी तरह उसे वकीलों से छुड़ा कर अपने कब्जे में लिया। आरोपी हमलावर का नाम विजय यादव बताया जा रहा है। वह जौनपुर का रहने वाला है। फायरिंग करने वाले हमलावर को वकीलों ने पीटा भी है।

कोर्ट परिसर में मृत पड़ा गैंगस्टर संजीव

घटना के बाद वकीलों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और जबरदस्त पथराव पुलिस पर वकीलों ने किया। वकीलों के पथराव से दो सीओ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने अधिवक्ताओं को शांत कराने का प्रयास किया। जीवा का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खासा दबदबा था। माफिया मुख्तार अंसारी का वह खासमखास माना जाता था। वो लंबे समय से लखनऊ जेल में ही सिक्योरिटी बैरक में बंद था।

10 फरवरी 1997 की रात जब उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा था। भाजपा के कद्दावर नेता और यूपी के मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या कर दी गयी थी। हत्या में पूर्व विधायक विजय सिंह, संजीव माहेश्वरी जीवा आदि का नाम सामने आया था। इस मामले में सजा पाने के बाद विजय सिंह नैनी जेल में और संजीव माहेश्वरी जीवा लखनऊ जेल में निरुद्ध किए गए थे।

हत्यारोपी विजय यादव
सिविल कोर्ट के बाहर प्रदर्शन करते अधिवक्ता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here