बोले प्रशासन अपनी जगह ठीक, कार्यकर्ता अपनी जगह, आगे की सुधि लेने की जरूरत |
यूथ इण्डिया संवाददाता, फर्रुखाबाद। नगर निकाय चुनावों की मतगणना के दौरान भाजपाईयों के हंगामे और प्रशासन द्वारा भाजपाईयों पर लाठियां चटकाए जाने के मामले में सांसद मुकेश राजपूत ने प्रशासन को क्लीन चिट देते हुए कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष चुनाव कराने और शांतिपूर्वक मतगणना पूर्ण कराने का कर्तव्य करना था ऐसे में जो सही लगा वही अधिकारियों ने किया।
वहीं सांसद ने कार्यकर्ताओं का पक्ष भी रखा और कहा कि कार्यकर्ता भी अपनी जगह ठीक थे। उन्होंने आंदोलन किया यह उनका वैधानिक अधिकार है। हार जीत पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि जनता का फैसला है। जो जनादेश है वह सभी को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी निगाह में निकाय चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ हुए हैं और भाजपा को पिछले स्थानीय निकाय चुनावों से ज्यादा वोट मिले। स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाने वाले चुनाव स्थानीय निकाय के चुनाव परिणामों से तय हो गया है कि लोकसभा व विधानसभा के चुनाव में एक बार फिर भाजपा का ही परचम फहरेगा। केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि मेयर के चुनावों में चुनाव परिणाम शतप्रतिशत भाजपा के हक में गए। यह शुभ भविष्य का चिह्न है। सांसद ने अपने ठंडी सड़क स्थित निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत छवि प्रस्तुत की है जो सभी भारतवासियों के लिए गौरव की बात है। जन कल्याणकारी योजनाओं के जरिए भाजपा सरकार में जनहित के कार्य हुए हैं। जो असंभव लग रहा था वह संभव हुआ है और आगे भी देश मजबूती की ओर बढ़ेगा।
सांसद ने स्थानीय विकास कार्यों पर टिप्पणी करते हुए बीस विकास कार्यों की फेहरिश्त गिनायी। जिसमें अमृत रेलवे रेलवे स्टेशन, हाईवे, ओवरब्रिज जैसे तमाम विकास कार्यों का हवाला दिया। बताते चलें कि स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के दौरान भाजपाईयों ने जमकर हंगामा किया था। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता व अन्य कार्यकर्ता धरने पर भी बैठ गए थे। प्रशासन ने कड़ा रूख अपनाते हुए लाठी चार्ज किया था। इतना सबकुछ हो जाने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। उपमुख्यमंत्री भी आए लेकिन प्रशासन की पीठ थपथपाकर चले गए। इस बात को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष की लहर भी देखने को मिली। सांसद ने कार्यकर्ताओं और प्रशासन दोनों को ही अपने-अपने स्थान पर सही बताकर एक बार फिर भाजपा में कार्यकर्ताओं की हैसीयत को बता दिया है ?
अन्य खबरें



