शुभचिंतकों ने दीं लंबी आयु की शुभकामनाएं
कलेक्ट्रेट में साथियों ने याद किए स्वर्णिम पल और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की

फर्रुखाबाद, यूथ इंडिया।‘ज्वाइनिंग और ‘रिटायरमेंट’ यथार्थ हैं… हर सरकारी कर्मचारी को इनसे गुजरना ही होता है। कर्तव्यनि्ठा से जो अधिकारी और कर्मचारी कार्य करते हैं, उनके रिटायरमेंट को ‘सीनियर्स’ यादगार बना देते हैं। ऐसा ही कुछ कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी वीरेन्द्र सिंह कटियार की सेवानिवृत्ति पर आयोजित विदाई समारोह में हुआ। जिले के सबसे बड़े प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार सिंह ने उन्हें सम्मानित किया और उज्जवल भविष्य की कामना की।

आपको बता दें वीरेन्द्र सिंह कटियार ने पूरे सेवाकाल में कर्तव्य को ही अपना धर्म माना। वरिष्ठ अधिकारियों का सम्मान और साथियों के साथ मधुर व्यवहार तथा “जूनियर्स’ के साथ सहयोग की भावना के कारण वे कलेक्ट्रेट में ही नहीं बाहर भी सबके चहेते बने रहे। सेवाकाल के दौरान किसी भी जिलाधिकारी ने उनके कार्य में खामियां नहीं निकालीं। सेवानिवृत्ति सर्विस का अनिवार्य हिस्सा होता है। बुधवार को रिटायरमेंट पर कलेक्ट्रेट सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने जब वीरेन्द्र सिंह को माला पहनाकर स्मृति चिह्न भेंट किया तो उनकी आँखें नम हो गयीं। कृतज्ञता और स्नेह के आँसुओं ने वह सब बयाँ कर दिया, जो वह अपने मुँह से नहीं कह पाए। साथियों के तालियों की गड़गड़ाहट बता रही थी वे पूरे सेवाकाल में कितने लोकप्रिय रहे।

अपर जिलाधिकारी सुभाष प्रजापति समेत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री कटियार को दीर्घ, स्वस्थ तथा खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह के पश्चात कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के मंत्री संजय मिश्रा एवं कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर वेरेंद्र सिंह कटियार की कलेक्ट्रेट से विदाई की गई। इस अवसर पर वीरेन्द्र सिंह ने नम आँखों से कहा खुशियों के यह पल देने के लिए, शुभकामनाएं देने के लिए डीएम, एडीएम, कर्मचारी नेता समेत सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। सेवानिवृत्ति के बाद मैं जीवन को ‘लोकमंगल के कार्यों में लगाऊँगा। उन्होंने कहा सेवाकाल के दौरान यदि मुझसे कोई गलती हुई हो, मेरी वाणी से कोई आहत हुआ हो, तो मैं क्षमा प्रार्थी हूँ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here