दरोगा अमित और चार सिपाहियों पर लगा मारपीट करने का आरोप, थाना प्रभारी बोले- नहीं हुई मारपीट

यूथ इण्डिया संवाददाता, फर्रुखाबाद। मुकदमें में बयान न देने पर पुलिस ने रात्रि में अपने घर की छत पर सो रहे युवक को पहले तो बेरहमी से मारा पीटा और उसके बाद उसे छत से फेंक दिया। पुलिस का कहर देख परिवार के अन्य सदस्य सहम गये। पुलिस की पिटाई से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरणासन अवस्था में पुलिस उसे छोड़कर चली गई। उसके बाद परिजनों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

विवरण के अनुसार थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव पहाडपुर निवासी प्रेम सिंह पुत्र बादाम सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसके गांव के ही चन्द्रपाल पुत्र भारत सिंह से कमरे में पानी चले जाने को लेकर विवाद हो गया था। जिसमें पुलिस ने कार्यवाही भी की थी। बताया कि इसी रंजिश के चलते आरोपीगणों ने पुलिस से सांठगांठ कर उन्हें अपने पक्ष में कर लिया। जिस पर पुलिस आये दिन उस पर दवाव बनाने लगी।

बताया कि बीते गुरुवार की देर रात करीब 10 बजे वह अपने घर की छत पर सो रहा था और उसकी पत्नी प्रभा व बेटी अंजली, वर्षा व देवांशू सहित उसकी बहू सुरभी पत्नी ब्रजेश नीचे कमरे में सो रही थी। उसी दौरान थाना शमसाबाद के दरोगा अमित अपने चार सिपाहियों के साथ हाथों में सरकारी असलाह लेकर उसके घर पर पहुंचे और उससे थाने चलने को कहा। जब उसने थाने जाने से इंकार कर दिया तो दरोगा अमित ने अपने सिपाहियों के साथ मिलकर प्रेम सिंह की जमकर लात घूंसों से पिटाई कर दी। पुलिस का यह खौफनाक मंजर देख परिवार के अन्य सदस्य सहम गये और किसी ने भी प्रेम सिंह को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाई।

इतना ही नही पुलिस ने बेरहमी से मारपीट के बाद उसे छत से फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस घायल को मरणासन अवस्था में छोड़कर चली गई। तब जाकर परिजनों ने उसे उठाया और 108 एम्बुलेंस द्वारा लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। वहीं जब इस मामले में थाना प्रभारी मनोज भाटी ने बताया कि प्रेम सिंह सहित 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। जिसमें वह बयान देने नही आ रहा था। पुलिस उसे रात में बयान देने के लिए बुलाने गई थी। बताया कि मारपीट का आरोप गलत है किसी ने कोई मारपीट नही की है। उधर जब गांव वालों ने इस घटना को सुबह सुना तो सभी दंग रह गये। पुलिस के इस कृत्य को देखते हुए सभी ने पुलिस पर सवालिया निशान उठाये है। हांलाकि गंभीर रूप से घायल हुए प्रेम सिंह का इलाज लोहिया अस्पताल में किया जा रहा है। प्रेम सिंह ने पुलिस पर आरोपियों से मिलकर सांठगांठ करने का भी आरोप लगाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here