सरकारी कार्यक्रम आया, प्रशासनिक अमले में मचा रहा हड़कंप, कर सकते हैं लोहिया अस्पताल का औचक निरीक्षण, करेंगे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

यूथ इण्डिया संवाददाता, फर्रुखाबाद। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक नगर निकाय चुनावों में हुई भारतीय जनता पार्टी की हार के कारण तलाशने और समीक्षा करने के लिए 24 मई को जिले में आयेंगे। इसके साथ ही वे सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी विकास की योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करके उनकी प्रगति को परखेंगे। इस दौरान वे किसी भी समय लोहिया अस्पताल का औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं।

डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर जहाँ एक ओर भाजपाई जनप्रतिनिधियों व दागी कार्यकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं प्रशासनिक अमला भी डिप्टी सीएम के सामने विकास कार्यों को सही दिखाने की कवायद में जुट गया है। चिकित्सकों की कमी की विभीषिका को झेलता लोहिया अस्पताल को भी डिप्टी सीएम के दौरे के चलते तैयार करना शुरु कर दिया गया। अस्पताल में लंबे समय से तमाम कक्ष बंद पड़े हुए हैं, जिन कक्षों में चिकित्सक नहीं हैं। खुद को पाक साफ दिखाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां चलती रहीं। लंबे अरसे से डॉक्टर के अभाव के दंश को झेल रहे लोहिया अस्पताल के निरीक्षण को लेकर गहमा-गहमी मची रही।

उधर भारतीय जनता पार्टी की जिले में करारी हार भाजपा नेताओं के लिए एक फंदे की तरह बन गयी है। डिप्टी सीएम जिले की दोनों नगर पालिकाओं और साथ में 5 नगर पंचायतों में भाजपा की करारी हार की समीक्षा करेंगे। इस बात को लेकर जहाँ दागी भाजपाईयों के पसीने छूट गये। जनप्रतिनिधियों की बोलती भी बंद है। सांसद, तीन भाजपा विधायक, एक भाजपा समर्थित विधायक व एक एमएलसी के होते निकाय चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। यहाँ तक कि नगर पालिका सदर में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में स्वयं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रोड शो निकालकर पार्टी प्रत्याशी को जिताने का आवाह्न कर गए थे लेकिन प्रत्याशी को जिताने में कामयाब नहीं हो सके।

दबे स्वरों से भाजपा में भितरघात की चर्चाओं के चलते भाजपा के दागी नेताओं में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है। सरकारी कार्यक्रम के अनुसार डिप्टी सीएम शाम 4 बजे जनपद में आएंगे और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। शाम साढ़े 5 बजे भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओ के साथ बैठक करेंगे। 6 बजकर 15 मिनट पर कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। रात्रि विश्राम पीडब्लूडी गेस्ट हॉउस में होगा। प्रभारी अधिकारी वीआईपी ने उपमुख्यमंत्री के निजी सचिव ओमप्रकाश के हवाले से यह जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here