जिला प्रशासन मुर्दाबाद समेत वत्सला के खिलाफ नारेबाजी, धरने पर बैठे
फर्रुखाबाद। सातनपुर नवीन मण्डी स्थल में शनिवार को हो रही मतगणना के बीच दोपहर 3 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता अपने साथी मयंक बुंदेला, शैलेन्द्र सिंह राठौर सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ आरओ टेबिलों तक पहुँच गए और जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाकर धरना प्रदर्शन करने लगे। भाजपा नेताओं ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया कि आरओ टेबिले जबरिया बसपा प्रत्याशी वत्सला अग्रवाल को चुनाव जिता रही है।


जबरदस्त हंगामा करते हुए रूपेश गुप्ता व भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। जानकारी होते ही जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय सिंह भी पहुँच गए। लेकिन भाजपाईयों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। पुलिस अधीक्षक ने भाजपा नेताओं को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह प्रशासन की बात सुनने को बिल्कुल तैयार नहीं हुए। आरोप लगाया कि प्रशासन जानबूझकर बसपा को सदर सीट से चुनाव जिताना चाहता है। जबकि भाजपा हर बूथ पर जीत रही है। सीओ अमृतपुर उपेन्द्रनाथ राय एवं नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने भी भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाया पर वह एक न मानने पर अड़े रहे।