यूथ इण्डिया कार्यालय में पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष से सीधी बात, बोले नगर निकाय के चुनाव में सपा की होगी ऐतिहासिक जीत, भाजपा मान चुकी पहले ही हार |
फर्रुखाबाद। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने शनिवार शाम यहां कहा कि समाजवादी पार्टी एक आंदोलन है जिसे कोई खत्म नही कर सकता, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर निशाना साधते हुए बोले कि न तुम्हारे पुरखे खत्म कर पाये और न तुम कर पाओगे। नगर निकाय चुनाव में सपा की पूरे प्रदेश में एतिहासिक जीत होगी। भाजपा पहले ही हार मान चुकी है।
संपादकीय कार्यालय पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल यूथ इण्डिया के प्रधान संपादक शरद कटियार से सीधे रूबरू हुए, बोले भाजपा सरकार ने सबको परेशान करने का काम किया है। मुस्लिमों और व्यापारियों को सबसे ज्यादा प्रताडित किया जा रहा। समाज का हर वर्ग परेशान है। प्रदेश में मैने विभिन्न जिलों का दौरा किया जनता का अपार समर्थन इतना पहले कभी समाजवादी पार्टी को नहीं मिला था जितना इस समय हर वर्ग दे रहा है।


प्रदेश अध्यक्ष यहीं नहीं रूके भाजपा पर निशाना साधते गये, बोले इस सरकार ने नगर में किसी प्रकार का कोई विकास नहीं किया। चारों तरफ टूटी फूटी सड़कें गंदगी बजबजाती नालियों से लोग परेशान है। सपा प्रत्याशियों का प्रचार नगर की जनता स्वयं कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिये बगैर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने निशाना साधते हुए कहा कि संविधान की शपथ खाने के बाद महात्मा का चोला पहनने के बाद इस तरीके की अमर्यादित, अलोकतांत्रिक, असंसदीय भाषा का प्रयोग कर यह साबित करना चाहते है कि इनकी हवा निकल गई है।
बोले, निकाय चुनाव के पहले चरण में समाजवादी पार्टी की साइकिल तेजी से दौडी है और दूसरे चरण में उसकी रफ्तार और बड़ रही है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर निशाना साधते हुए श्री पटेल ने कहा कि वह अपना विभाग तक संभाल नही पा रहे। दवा के अभाव में लोग मर रहे है।चारों ओर गरीब जनता हाहाकार कर रही, ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग को बर्बाद कर दिया है। अब वह मुख्यमंत्री के गृह विभाग की ओर देख रहे है। बोले ब्रजेश पाठक जैसे लोग पलायनवादी लोग है, विभिन्न पार्टियों में जाने बाले है समाजवादी पार्टी को न तुम्हारे पुरखे समाप्त कर पाये है और न तुम कर पाओगे। सपा एक आंदोलन है समता पूर्वक समाज सपा ही बनायेगी, और यह पलायनवादी लोग दूसरे दल की तलाश करेंगे। सपा यूपी की बदहाली के खिलाफ लड़ रही है। इस लिए भारतीय जनता पार्टी चिढ़ रही है।